इसी महीने देश की सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत का अपग्रेडेड वर्जन लॉन्च किया जाने वाला है। खुद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी है। गांधीनगर स्थित इंटरप्रिनरशिप डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया में एक कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने इस बात का ऐलान किया है। गौरतलब है कि 2019 में लॉन्च हुई दोनों वंदे भारत ट्रेनें अब तक 14 लाख किलोमिटर का सफर तय कर चुकी है।
वंदे भारत (Vande Bharat) लोगों की पहली पसंद बन चुकी है, जिसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने देश के कई राज्यों में इन ट्रेनों का परिचालन शुरू करने का मन बनाया है। भारतीय रेलवे की योजना है कि आगामी अगले साल स्वाधीनता दिवस तक देश की पटरियों पर कुल 75 वंदे भारत ट्रेनें दौड़ना शुरू कर दे। फिलहाल सिर्फ दिल्ली से कटरा और नई दिल्ली से वाराणसी के बीच वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है।
Vande Bharat : ये वर्जन मौजूदा ट्रेनों से एडवांस
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस के दो अपग्रेडेड वर्जन लॉन्च होने वाले हैं। ये वर्जन मौजूदा ट्रेनों से एडवांस होंगे। रेल मंत्री ने बताया कि फिलहाल जो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, वे 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलती है, जबकि इसके दूसरे अपग्रेडेड वर्जन की हाईएस्ट स्पीड 180 किमी प्रति घंटा और तीसरे अपग्रेडेड वर्जन की हाईएस्ट स्पीड 220 किमी प्रति घंटा होगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साथ ही यह भी बताया कि इस महीने से लेकर अगले साल 15 अगस्त तक हर महीने देश में 5 से 6 वंदे भारत (Vande Bharat) ट्रेनें पटरियों पर उतारी जायेगी। इसके अलावा भविष्य में इंटरसिटी, शताब्दी और जन शताब्दी जैसी ट्रेनों के रिप्लेसमेंट के तौर पर इनके रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की भी योजना बनाई गयी है। नई वंदे भारत ट्रेनों में और भी ज्यादा आधुनिक सुविधाएं होंगी, जो यात्रियों के सफर को आसान और आरामदायक बनायेंगी।